देहरादून। कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान आठ मेडिकल स्टोरों की जांच की गई और तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने क्लेमेंट्टाउन, प्रेमनगर और दून अस्पताल के आसपास स्थित मेडिकल स्टोरों पर सघन निरीक्षण किया। यह कार्रवाई विशेष रूप से कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री, दवाओं के भंडारण और औषधि विक्रय लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में नशीले तत्वों वाले कफ सिरप के दुरुपयोग की आशंकाओं को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। निरीक्षण के दौरान कुल आठ फर्मों की जांच की गई। जांच में कुछ दुकानों पर अभिलेखों के रखरखाव, स्टॉक रजिस्टर अद्यतन न होने तथा चिकित्सकीय पर्ची के बिना दवा बिक्री से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। हालांकि किसी भी दुकान को तत्काल सील नहीं किया गया, लेकिन संबंधित फर्मों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि औषधि विक्रय लाइसेंस की शर्तों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में यदि आदेशों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित फर्मों के खिलाफ औषधि अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे तो संबंधित निर्माता और विक्रेता के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे भी शहर के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बिना चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी प्रकार की कफ सिरप या नियंत्रित दवाओं का सेवन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। प्रशासन की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा, वहीं आम लोगों ने दवाओं की गुणवत्ता और नियंत्रित बिक्री सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदम का स्वागत किया है।