Apr 06, 2026

दिल्ली में विधानसभा गेट तोड़ने के बाद ड्राइवर हिरासत में

post-img

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विधानसभा की सुरक्षा में सेंध के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने उस संदिग्ध टाटा सिएरा कार को बरामद कर लिया है, जिसने वीआईपी गेट तोड़कर विधानसभा परिसर में प्रवेश किया था। साथ ही कार चालक, जिसकी पहचान सरबजीत के रूप में हुई है, उसे भी हिरासत में ले लिया गया है और अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट की बताई जा रही है, जब यूपी नंबर की सफेद टाटा सिएरा कार मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़ते हुए सीधे वीआईपी एंट्री से अंदर घुस गई। यह वही गेट है जहां आमतौर पर कड़ी सुरक्षा रहती है और सीआरपीएफ की तैनाती होती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार के अंदर घुसते ही जोरदार आवाज हुई और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कार कुछ देर तक अंदर घूमती रही, जिससे वहां मौजूद लोगों में डर और भगदड़ जैसा माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि कार सवार व्यक्ति स्पीकर रूम के बाहर पहुंचा और वहां एक गुलदस्ता रखकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान उसकी एक सीसीटीवी तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह हाथ में गुलदस्ता, काले रंग का बैग और कुछ कागज लिए हुए दिखाई दे रहा है। चश्मदीदों ने बताया कि कुछ मिनटों बाद कार दोबारा उसी गेट की ओर लौटी और जोरदार टक्कर मारते हुए बाहर निकल गई। पूरा घटनाक्रम महज 5 मिनट के भीतर हुआ, लेकिन इसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए। हालांकि राहत की बात यह रही कि गुलदस्ते में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई और आरोपी के पास से भी कोई खतरनाक वस्तु बरामद नहीं हुई है। घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार की पहचान की और आखिरकार उसे बरामद कर लिया।