उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने मंगलवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशकों (एमडी) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। ये सभी अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर कार्य कर रहे थे।
प्रमुख सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के एमडी अनिल कुमार को सरकार ने 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था, लेकिन अब उन्हें पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह गजेंद्र सिंह बुदियाल को नया एमडी नियुक्त किया गया है। बुदियाल वर्तमान में यूजेवीएनएल में महाप्रबंधक (यमुना वैली, डाकपत्थर) और पिटकुल में प्रभारी निदेशक (परिचालन) के रूप में कार्यरत हैं। इसी तरह, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के एमडी संदीप सिंघल को भी, जिन्हें 30 जून 2024 से दो साल का सेवा विस्तार मिला था, कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह अजय कुमार सिंह को यूजेवीएनएल का नया एमडी बनाया गया है। वह वर्तमान में भागीरथी वैली में महाप्रबंधक और प्रभारी निदेशक (परिचालन) के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा, यूपीसीएल के निदेशक (परियोजना) अजय कुमार अग्रवाल को भी पद से हटा दिया गया है। हालांकि, उनके स्थान पर अभी किसी नई नियुक्ति की घोषणा नहीं की गई है। सरकार के इस फैसले को ऊर्जा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सेवा विस्तार पर कार्यरत अधिकारियों की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिससे विभाग में नई कार्यशैली और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।