Apr 04, 2026

श्यामपुर थाना प्रभारी की टीम को इनाम की घोषणा: हरिद्वार हत्याकांड के त्वरित खुलासे पर एसएसपी खुश

post-img

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहडपुर में बीती 2 अप्रैल को सामने आए ‘आत्महत्या’ के मामले की सच्चाई पुलिस जांच में खुल गई। मामला आत्महत्या नहीं, बल्कि ठंडे दिमाग से की गई हत्या का निकला। मृतक बबलू की पत्नी पूजा और उनकी नाबालिग बेटी ने मिलकर उसे मार डाला। पुलिस ने इस मामले का खुलासा शनिवार को किया। श्यामपुर कोतवाली प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (सिटी) अभय सिंह ने मायापुर पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल की रात पूजा ने पुलिस को फोन कर बताया था कि उसके पति बबलू ने शराब पीकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद मृतक बबलू के भाई राजू ने तहरीर देकर अपनी भाभी पूजा और भतीजी पर हत्या का आरोप लगाया। राजू ने कहा कि दोनों ने एक युवक के साथ मिलकर उसके भाई की गला घोंटकर हत्या की है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की और मृतक के बच्चों से बात की। सबसे महत्वपूर्ण खुलासा बबलू के नाबालिग बेटे ने किया। बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां और बहन ने रात में तकिए से मुंह दबाकर पापा की हत्या कर दी। पूछताछ में पूजा ने कबूल किया कि बबलू को उसके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसके बाद बबलू शराब पीकर उन्हें मारने-पीटने लगा। इसी बात को लेकर पूजा और उसकी बेटी ने हत्या का प्लान बनाया। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात दोनों आरोपियों ने शराब में नींद की दवा मिलाकर बबलू को पिलाई। जब वह बेहोश हो गया तो चारपाई पर दुपट्टों से उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद जुर्म छिपाने के लिए शव को दूसरे कमरे में चारपाई पर शिफ्ट किया गया। मृतक के मुंह में जहरीली दवा का घोल डाला गया और कमरा बंद कर दिया गया। अगली सुबह पूजा ने पुलिस को झूठी कहानी सुनाई कि पति रात में झगड़ा करके कहीं चला गया था और बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का टेट्रा पैक, स्टील का गिलास, घटना में इस्तेमाल किए गए दुपट्टे और तकिया बरामद किया है। पूजा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग बेटी को बाल संरक्षण गृह में रखा गया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया है। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि पूरी जांच में बबलू के नाबालिग बेटे की गवाही निर्णायक साबित हुई। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यदि कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर पत्नी द्वारा पति की हत्या का चौंकाने वाला उदाहरण है, जिसमें नाबालिग बेटी भी शामिल रही। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने की बात कही है।