Jul 16, 2026

जागेश्वर धाम में 'हरेला' की धूम: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वृद्ध जागेश्वर में टेका माथा, रोपे पौधे; 10.80 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य पार

post-img

अल्मोड़ा। देवभूमि उत्तराखंड के पारंपरिक और प्रकृति को समर्पित लोकपर्व 'हरेला' की धूम आज पूरे प्रदेश में देखने को मिली। इस पावन अवसर पर मुख्य राजकीय कार्यक्रम का आयोजन अल्मोड़ा जिले के सुप्रसिद्ध जागेश्वर धाम क्षेत्र में किया गया, जिसमें सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने जहां एक ओर भगवान शिव के अनन्य रूप वृद्ध जागेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं दूसरी ओर स्वयं पौधारोपण कर पूरे राज्य को पर्यावरण संरक्षण का एक अत्यंत प्रभावी और विराट संदेश दिया।

जागेश्वर में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं है, बल्कि यह हमारी जड़ों, संस्कृति और साक्षात जीवनदायिनी धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनुपम अवसर है। पूर्वजों से मिली इस अनमोल विरासत को सहेजना और पर्यावरण को हरा-भरा रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एक बहुत ही सुखद और गर्व करने योग्य जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हरेला पर्व के पहले दिन पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे रोपने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा था। लेकिन, देवभूमि की जनता के अपार जनसमर्थन और उत्साह के चलते दोपहर तक ही इस लक्ष्य को पार कर लिया गया। अब तक पूरे राज्य में 10 लाख 80 हजार से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं, जो पर्यावरण के प्रति उत्तराखंड के लोगों की सजगता को दर्शाता है। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अल्मोड़ा में आयोजित 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया और जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने जागेश्वर क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन विकास को लेकर बड़ी बात कही। सीएम ने कहा कि जागेश्वर और वृद्ध जागेश्वर क्षेत्र देश के करोड़ों सनातनियों की आस्था का मुख्य केंद्र हैं। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद से यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।  बढ़ती भीड़ और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार जागेश्वर धाम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक विशेष मास्टर प्लान पर तेजी से काम कर रही है, जिससे स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। वृद्ध जागेश्वर के दर पर शीश झुकाकर मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारा भारत एक सशक्त और विकसित राष्ट्र बने। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्व को एक नई दिशा देने वाले इस महा-अभियान में देवभूमि उत्तराखंड अपनी विशेष और अद्वितीय भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर देवभूमि की हरियाली को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।