नैनीताल/देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की शांत वादियों में आज एक ऐसा शोर गूंज रहा है, जो किसी भी संवेदनशील नागरिक, माता-पिता और न्यायप्रिय इंसान की रूह को झकझोरने के लिए काफी है। दिल्ली से लेकर देहरादून तक 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और अपराध के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत चीख-चीखकर पूछ रही है कि क्या उत्तराखंड में कानून सिर्फ रसूखदारों की ढाल बनने के लिए रह गया है? अंकिता भंडारी हत्याकांड के रहस्यमयी 'वीआईपी' का नाम आज तक सामने न आना हो, 12 साल पुराने कशिश हत्याकांड में जांच की खामियों के चलते सुप्रीम कोर्ट से आरोपियों का बरी हो जाना हो, या फिर अब चंपावत के चर्चित नाबालिग सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में अदालत के सामने खुला काला सच, हर घटना राज्य की पुलिस कार्यप्रणाली, शासन और न्याय व्यवस्था के सामने गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है।
चंपावत पॉक्सो कांड: 'बाप को जेल भेजने की धमकी देकर बदलवाए बयान'
मई 2026 का चंपावत प्रकरण इस बात की सबसे भयावह मिसाल बनकर उभरा है कि सत्ता और खाकी के गठजोड़ के आगे एक बेबस नाबालिग बेटी की चीख को कैसे दबाया जाता है। 6 मई 2026 को एक पिता ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ विनोद रावत, नवीन रावत और पूरन रावत द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की एफआईआर दर्ज कराई थी। अधिवक्ता अवतार सिंह के अनुसार, शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई थी और मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के बयान में भी किशोरी ने दरिंदों के नाम उजागर किए थे। लेकिन जैसे ही मामला तूल पकड़ने लगा, जांच की दिशा ही पलट गई। एक महिला अधिकारी होने के बावजूद चंपावत की तत्कालीन एसपी रेखा यादव ने महज एक दिन के भीतर पूरे घटनाक्रम को मनगढ़ंत और कूट रचित साजिश करार दे दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का हवाला देकर नामजद आरोपियों को क्लीन चिट दे दी और उल्टा पीड़ित पक्ष पर दबाव डालकर क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाते हुए आवाज उठाने वाले कांग्रेस नेता आनंद सिंह महरा को जेल भेज दिया, जिन्हें करीब छह-सात महीने जेल में रहने के बाद अब हाईकोर्ट से जमानत मिली है। वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह के अनुसार अदालत में सुनवाई के दौरान इस मामले ने तब सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब नाबालिग पीड़िता ने जज के सामने पहुंचकर पुलिस की पूरी थ्योरी को ध्वस्त कर दिया। अधिवक्ता अवतार सिंह ने अदालत के घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि पीड़िता ने साफ शब्दों में कहा कि उसकी पहली एफआईआर बिल्कुल सच थी और उन्हीं तीन लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। बीच में जो बयान बदले गए, वे पुलिस की उस धमकी के दबाव में दिए गए थे जिसमें कहा गया था कि 'अगर तूने ऐसे बयान नहीं दिए, तो तेरे बाप को जेल में डाल देंगे।' अधिवक्ता के मुताबिक, इस खुलासे पर खुद अदालत भी स्तब्ध रह गई और यह टिप्पणी करने पर मजबूर हुई कि क्या देवभूमि में यही कानून का राज है?
अंकिता से कशिश तक: न्याय की चौखट पर दम तोड़ती उम्मीदें
चंपावत का यह मामला कोई इकलौती घटना नहीं है, बल्कि उत्तराखंड में बेटियों के साथ हो रहे अन्याय की एक लंबी कड़ी का हिस्सा है।
कशिश हत्याकांड का दर्द: 2014 में हल्द्वानी में 6 वर्षीय मासूम कशिश के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में निचली अदालत से फांसी की सजा पाने वाले आरोपी, पुलिस की जांच और साक्ष्यों में रही गंभीर खामियों के चलते सितंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से बरी हो गए। आज 12 साल बाद भी कशिश के बूढ़े पिता सड़कों पर रोते हुए इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। यह किसकी विफलता है कि एक मासूम के कातिलों के खिलाफ पुलिस ठोस सबूत तक अदालत में पेश नहीं कर पाई?
अंकिता का 'वीआईपी' कौन?: पौड़ी की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या में भले ही निचली अदालत से दोषियों को सजा सुनाई जा चुकी हो, लेकिन उस 'वीआईपी' का नाम आज भी सत्ता के गलियारों में दफन है, जिसके लिए अंकिता पर दबाव बनाया जा रहा था। सबूतों को बुलडोजर से मिटाने से लेकर जांच की धीमी चाल तक, हर कदम पर सत्ता के संरक्षण के आरोप लगते रहे।
आंखें खोलने का वक्त: आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार खुद को 'धाकड़' और 'जीरो टॉलरेंस' वाली सरकार बताती है। लेकिन जब किसी मामले में सत्ताधारी दल या रसूखदारों के तार जुड़ते हैं, तो 'जीरो टॉलरेंस' का नारा 'अपराधियों को संरक्षण' में बदलता नजर आता है। यह विडंबना ही है कि जो समर्थक और भक्त हर मंच पर अंधभक्ति के नारे लगाते हैं, वे यह देखने को तैयार नहीं हैं कि उन्हीं के प्रदेश में एक गैंगरेप पीड़िता को अपने पिता को बचाने के लिए झूठ बोलने पर मजबूर किया जाता है। यह खबर सरकार, पुलिस प्रशासन और न्यायपालिका के लिए एक आईना है, और उत्तराखंड की जनता के लिए एक चेतावनी। अगर आज भी राजनीतिक चश्मा उतारकर सच नहीं देखा गया, और दोषी पुलिस अधिकारियों व रसूखदारों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो देवभूमि में बेटियों का सुरक्षित रहना महज एक चुनावी जुमला बनकर रह जाएगा।