नई टिहरी। जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आसमान में चक्कर काट रहा एक हेलीकॉप्टर अचानक खेल मैदान में उतरने लगा। देहरादून के सहस्त्रधारा से केदारनाथ धाम यात्रा के लिए गुप्तकाशी जा रहे ‘ट्रांस भारत’ एविएशन के हेलीकॉप्टर की तकनीकी कारणों के चलते स्टेडियम में एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर में मुंबई के यात्रियों समेत कुल छह लोग सवार थे। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब बौराड़ी स्टेडियम में स्थानीय नागरिक मॉर्निंग वॉक कर रहे थे और बच्चे खेलकूद में व्यस्त थे, तभी अचानक एक हेलीकॉप्टर काफी नीचे आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर असामान्य तरीके से चक्कर काटते हुए सीधे मैदान की तरफ उतरा। मैदान में मौजूद लोग अनहोनी की आशंका से घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मोहसिन सिद्दीकी ने बताया, हेलीकॉप्टर अचानक हमारे बहुत करीब आया और जैसे बाइक राउंड में घूमती है, वैसे चक्कर काटने लगा। बच्चे डरकर मैदान छोड़कर भाग खड़े हुए। वहीं मॉर्निंग वॉक पर निकले परमानंद मैठाणी ने बताया कि हेलीकॉप्टर की गति और उतरने का अंदाज देखकर समझ आ गया था कि कोई आपात स्थिति है, जिसके बाद लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़े। हेलीकॉप्टर के पायलट ने इसे आपात स्थिति के बजाय सुरक्षात्मक कदम यानी ‘प्रिकॉशनरी लैंडिंग’ करार दिया। पायलट के अनुसार, उड़ान के दौरान तकनीकी सतर्कता बरतते हुए एहतियातन बौराड़ी स्टेडियम को सुरक्षित विकल्प मानकर लैंड कराया गया था। मैदान में उतरने के बाद पायलट व तकनीकी दल ने हेलीकॉप्टर की प्राथमिक जांच की। कुछ देर रुकने और स्थिति का आकलन करने के बाद हेलीकॉप्टर को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
Trending
इलाहाबाद हाईकोर्ट अपील: मेरठ के हत्याकांडों में चारों दोषियों ने मृत्युदंड को चुनौती दी
टिहरी बौराड़ी स्टेडियम हेलीकॉप्टर लैंडिंग: सुबह की घटना में छह लोग सुरक्षित
हिमांशु भाऊ गिरफ्तार: कैसे पुलिस के दबाव में आया उसका गैंग
फार्म हाउस की जमीन के रिकॉर्ड में कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज का नाम
छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी शिकायत संभालने के तरीके पर स्कूल प्रबंधन से सवाल
अंकिता भंडारी केसः वायरल ऑडियो विवाद और नार्को टेस्ट पर सबकी निगाहें
हरिद्वार लावारिस बच्ची मामला: बाल सुरक्षा और देखभाल पर प्रशासन का ध्यान
तिब्बत भूकंप: 339 मकान ढहने के बाद बचाव अभियान तेज