Nov 03, 2026
govt-ads

सुशासन की दिशा में उत्तराखंड का कदम: सीएम धामी ने लॉन्च किया 'देवभूमि परिवार पोर्टल',विकसित उत्तराखंड विजन का भी किया विमोचन

post-img

उत्तराखंड में सुशासन को सुदृढ़ करने और राज्य के सर्वांगीण विकास को एक नई व स्पष्ट दिशा देने के उद्देश्य से धामी सरकार ने दो बड़े ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित 'मुख्य सेवक सदन' में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के भविष्य के विकास की रूपरेखा तय करने वाले महत्वपूर्ण दस्तावेज ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का भी विमोचन किया।

सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए अब पात्र परिवारों को बार-बार दस्तावेज जमा करने और अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के भविष्य की विकास रूपरेखा तैयार करने वाले ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का भी विमोचन किया। सरकार की इन दोनों पहलों को प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की सफलता केवल योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि उन योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने से तय होती है। अक्सर जानकारी के अभाव में जरूरतमंद और पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। वहीं, एक ही जानकारी के लिए अलग-अलग विभागों में बार-बार दस्तावेज उपलब्ध कराने पड़ते हैं। इससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल इसी समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से परिवारों से संबंधित जानकारी को एकीकृत व्यवस्था से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक सरलता से पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, सुगम और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप बनाना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ को प्रदेश के दीर्घकालिक विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि इस विजन में लगभग 440 संकेतकों के आधार पर उत्तराखंड के विकास के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इन संकेतकों के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को एक स्पष्ट दिशा देने और विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति का आकलन करने का आधार तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इसके लिए राज्य के समग्र विकास, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना आवश्यक है। देवभूमि परिवार पोर्टल और विकसित उत्तराखंड विजन-2047 का शुभारंभ प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने और भविष्य की विकास योजनाओं को लक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में सरकार की दो प्रमुख पहल हैं। अब इनकी वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि पोर्टल के माध्यम से पात्र परिवारों को कितनी आसानी से सेवाएं मिलती हैं और निर्धारित विकास लक्ष्यों को धरातल पर कितना प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है।