Mar 03, 2026

विकासनगर दर्रारीट अग्निकांड: पिकअप के केबिन में लगी आग से मची अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी

post-img

देहरादून। विकासनगर मंडी से उपज की आपूर्ति कर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर लौट रहे एक पिकअप वाहन में दर्रारीट के पास अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना उत्तराखंड सीमा के भीतर दर्रारीट से लगभग 200 मीटर पहले हुई। वाहन में आग की ऊंची लपटें उठती देख चालक ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के मदनपुरा निवासी गुलफाम पिकअप वाहन से विकासनगर मंडी में उपज की आपूर्ति करने आया था। वह खाली वाहन लेकर वापस मिर्जापुर लौट रहा था। इसी दौरान दर्रारीट के पास अचानक वाहन के केबिन हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। चालक ने जैसे ही आग की लपटें देखीं, उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर छलांग लगा दी। कुछ ही क्षणों में आग ने केबिन और इंजन को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने भी लपटें उठती देख मदद के लिए दौड़ लगाई। तिमली गांव में चालक के कुछ रिश्तेदार रहते हैं। चालक ने तुरंत उन्हें फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे और बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि चालक पूरी तरह सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस हादसे में वाहन का केबिन और इंजन बुरी तरह जल गए, जिससे चालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। समय रहते चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा टल गया।