देहरादून। वसंत विहार क्षेत्र में पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए दिल्ली से जुड़े नेपाली मूल के एक गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। आरोपी की पहचान दिनेश कुमार उर्फ दिनेश सुनार, निवासी पर्यावरण कॉम्प्लेक्स, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली में टैक्सी चलाने का काम करता है और इसी की आड़ में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, पार्षद के घर हुई वारदात में दिनेश की भूमिका सीधे तौर पर सामने आई है। उसने अपने साथियों को टैक्सी के माध्यम से घटनास्थल तक पहुंचाया और वारदात के बाद उन्हें वापस लेकर गया। घटना के बाद मुख्य आरोपित और पार्षद के घर काम करने वाले नौकर भरत थापा समेत अन्य आरोपियों ने दिनेश को 50 हजार रुपये दिए थे। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने गैंग के काम करने के तरीके को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। आरोपी ने बताया कि वह अपने नेपाली मूल के अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों के घरों की रेकी करते थे। इसके लिए गैंग के सदस्य कई बार घरों में काम करने के बहाने प्रवेश करते और परिवार की दिनचर्या, घर की सुरक्षा व्यवस्था तथा आने-जाने के समय की जानकारी जुटाते थे। रेकी पूरी होने के बाद गिरोह वारदात के लिए उपयुक्त समय तय करता था। दिनेश कुमार की भूमिका टैक्सी चालक के तौर पर अपने साथियों को घटनास्थल तक पहुंचाने और घटना के बाद सुरक्षित तरीके से वापस ले जाने की थी। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका और उनके द्वारा पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस को तीन अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें पार्षद के घर काम करने वाला नौकर भरत थापा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
Trending
कलियर रेन बसेरा बच्ची मामला: कई पुलिस टीमों ने संभाली जांच की कमान
राहुल गांधी FIR मामले का ताजा अपडेट
किच्छा चुनाव परिणाम का लाइव मतगणना अपडेट
देहरादून पुलिस ने लूटकांड में टैक्सी चालक की भूमिका ट्रेस की
विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज आश्रम मामले का ताजा अपडेट
बारिश और बर्फबारी से उत्तराखंड में बढ़ेगी सर्दी की आहट
RBI Repo Rate Hike Today: मध्यम वर्ग के कर्जदारों की EMI पर कितना असर
पीएम मोदी बोले- 25 साल का अनुभव और जनविश्वास देश की पूंजी है