नैनीताल। लगातार हो रही बारिश लोगों की दुश्वारियों को भी बढ़ा रही है। इस दौरान जहां भूस्खलन से मार्ग आदि बंद हो रहे हैं तो वहीं कई जगहों पर लोगों के मकान ढहने की खबरें भी सामने आ रही हैं। यहां दूरस्थ अमगढ़ी गांव में रविवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद फिर भूस्खलन हो गया। इस कारण तीन ग्रामीणों के मकान मलबे में दब गए हैं। बचने के प्रयास में एक महिला नीमा देवी का पैर टूट गया, जिसे रामनगर अस्पताल भेजा गया है। एसडीएम नैनीताल ने बचाव व राहत के लिए गांव में रेस्क्यू टीम भेज दी है। फिलहाल ग्रामीणों को गांव के ही इंटर कॉलेज में ठहराया गया है। जानकारी के अनुसार, नैनीताल तहसील का अमगढ़ी गांव का तोक खैराड़ भूस्खलन प्रभावित है। ग्राम प्रधान गंगा नैनवाल, प्रधान प्रतिनिधि गणेश नैनवाल ने बताया कि रविवार शाम गांव में जोरदार बारिश हो रही थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे खैराड़ तोक के ऊपर की पहाड़ी पर फिर से बड़ा भूस्खलन हो गया। मलबा गांव की ओर आया और तीन लोगों जीवानी राम, चंदन राम व नीमा देवी के मकान मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि बीते दिनों गांव में भूस्खलन के बाद प्रशासन ने यहां के करीब बीस परिवारों को गांव के इंटर कॉलेज में ठहरवाया है। रविवार को खैराड़ तोक के ये परिवार दोपहर में अपने खेतों में काम के लिए गए थे। इसके बाद शाम को सभी भोजन करके वापस इंटर कॉलेज में रहने आते हैं। इसी बीचए शाम के समय भूस्खलन हो गया। भूस्खलन से ग्रामीणों की फसल भी बर्बाद हो गई है। भूस्खलन से बचने के दौरान महिला नीमा देवी का पैर टूट गया, जिसे रामनगर रेफर किया गया है।
Rohit Verma
संपादक