सरोवर नगरी की बेटी व बहू ने दुबई में बढ़ाया नैनीताल का मान, मिसिज इंडिया वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर अप का खिताब किया अपने नाम

Spread the love

नैनीताल। मन में कुछ कर गुजरने की चाह हो तो वह जरूर पूरी होती हैं ऐसा ही कुछ कर दिखाया हैं नैनीताल की बेटी व बहु तान्या त्रिपाठी कांडपाल ने जिन्होंने मिसिज इंडिया वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर अप का खिताब अपने नाम कर नैनीताल शहर व प्रदेश का नाम रोशन किया है। जिस पर तान्या त्रिपाठी कांडपाल को लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से सम्मानित किया गया।

मल्लीताल स्थित पैवेलियन होटल में रविवार को लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा तान्या को मिसिज इंडिया वर्ल्ड वाइड प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर अप का खिताब जीतने पर सम्मानित किया गया। बता दें कि मूल रूप से नैनीताल निवासी तान्या त्रिपाठी कांडपाल बीते दो वर्षों से जर्मनी में रह रही है। इस दौरान तान्या ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 23 अक्टूबर को दुबई में आयोजित हुई हॉट मॉड मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में 26 देशों कि महिलाओं ने प्रतिभाग किया था जिसमें उन्होंने फर्स्ट रनर अप का खिताब हासिल किया हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए ऑनलाईन ऑडिशन हुए थे जिसमें करीब 24 से 25 हजार महिलाओं ने अपनी एंट्री भेजी थी। जिसमें उनका चयन हुआ। जिसके बाद 19 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक दुबई में आयोजित हुई हॉट मॉड मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में उन्हें टैलेंट राउंड, ट्रैडिशनल रांउड, रिजॉर्ट वेयर राउंड, स्विम राउंड समेत अन्य कई राउंड में परखा गया। तान्या ने बताया कि उनके जीवन का उद्देश्य समाज के हित में कार्य करना, महिला सशक्तिकरण व बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। तान्या ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पति व परिवार को दिया है।

इस दौरान तान्या के पति प्रणव कांडपाल, सास पुष्पा कांडपाल, ससुर केएन कांडपाल, देवर माणिक कांडपाल, व लेक सिटी वेलफेयर की गीता साह,मीनू बुधलाकोटी, तुसी दीपिका बिनवाल, हेमा भट्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love
error: Content is protected !!