नैनीताल- एसडीएम प्रतीक जैन से वार्ता के बाद टैक्सी एसोसिएशन की हड़ताल खत्म

Spread the love

नैनीताल– बीती देर रात से शुरु हुई टैक्‍सी एसोसीएशन की हड़ताल शुक्रवार सुबह उप जिलाधिकारी प्रतीक जैन से वार्ता के बाद समाप्त हो गई। अब सभी रूटो में टैक्सी सेवाएं सुचारू रहेंगी। गौरतलब हो की नैनीताल में विशेष श्रेणी के वाहनों के अनावश्यक चालान से तंग आकर टैक्सी एसोसिएशन ने हड़ताल करने का ऐलान किया था।
टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज जोशी ने बताया की 2017 में हाईकोर्ट ने नैनीताल शहर के अंदर विशेष नंबर के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। हाई कोर्ट ने निर्देश दिए थे कि 2017 के बाद खरीदे गए वाहनों के लिए ही यह नियम लागू होगा, लेकिन आरटीओ ऑफिस द्वारा 2017 से पहले खरीदे गए वाहनों को भी इस विशेष श्रेणी में डाल दिया गया। जिसके चलते आए दिन यातायात निरीक्षक द्वारा कई वाहन चालकों के हजारों रुपए के चालान काटे जा रहे हैं। जिससे वाहन चालक बेहद परेशान हो गए हैं। जिसको देखते हुए उन्होंने बीती देर रात आठ बजे से हड़ताल पर जाने का फैसला किया था। लेकिन अब प्रशासन द्वारा उनकी मांग मान लेने के बाद उन्होंने हड़ताल खत्म कर दी हैं।



वहीं उप जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया की उच्च न्यायालय ने 3 जुलाई 2017 के बाद लिए गए टैक्सी वाहन का नैनीताल शहर में आना प्रतिबंधित किया था। लेकिन कुछ ऐसी गाड़ियां है जो 2017 से पहले रजिस्टर्ड है लेकिन रिनुअल करवाते समय आरटीओ कार्यालय द्वारा उसमें प्रतिबंधित की मोहर लगा दी गई है। जिसको देखते हुए आरटीओ कार्यालय और ट्रैफिक विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर 3 जुलाई 2017 से पहले ली गई किसी भी गाड़ी पर प्रतिबंधित की मुहर नहीं लगेगी और यदि गलती से किसी वाहन पर प्रतिबंधित की मुहर लग गई हो तो उसे हटा दिया जाएगा। साथ ही यदि उसके बाद भी वह मोहर नहीं हटती है तो पुलिस उस वाहन पर चालानी कार्रवाई नहीं करेगी। इसके आदेश पुलिसकर्मियों को दिए जाएंगे।

इस दौरान आरटीओ अधिकारी, सीओ सिटी, कोतवाल व समस्त टैक्सी यूनियन के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love
error: Content is protected !!