हल्द्वानी। हल्द्वानी में कल होने वाला कांग्रेस का स्वागत समारोह बारिश के चलते स्थगित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब यह कार्यक्रम 20 अक्टूबर को आयोजित किया जायेगा। वहीं कार्यक्रम के स्थगित होने से कांग्रेसियों में निराशा छाई हुई है। बता दें कि कांग्रेस द्वारा यह समारोह अभी हाल में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य और उनके पुत्र विधायक संजीव आर्य के स्वागत में होना था, लेकिन बारिश के चलते इसमें खलल पड़ गया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य अपने पुत्र संजीव आर्य के साथ पुनः कांग्रेस में वापसी कर गए हैं, उनके साथ उनके कई समर्थकों ने भी पार्टी कांग्रेस में अपनी आस्था दिखाई है। वहीं यशपाल के कांग्रेस में जाने के बाद उत्तराखण्ड में सियासी समीकरण भी बदले-बदले दिख रहे हैं। कांग्रेस इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है। चर्चा तो यहां तक है कि कांग्रेस स्वागत के बहाने कुमाऊं में अपनी शक्ति प्रदर्शन और एकजुटता दिखाना चाहती है, हांलाकि बारिश के चलते कांग्रेस के इस कार्यक्रम में पानी फिर गिया है।
Rohit Verma
संपादक